Showing posts with label television. Show all posts
Showing posts with label television. Show all posts

Monday, August 6, 2007

RAKHI SAWANT INTELLECTUAL SHOW

राखी सावंत का इंटेलेक्चुएल शो

आलोक पुराणिक

टीवी पर भूत-प्रेत बहुत आ रहे हैं, कुछ इंटेलेक्चुएल टाइप मांगता है। चालू चैनल के बास लोग परेशान हैं।

सर अलाने प्रोफेसर न्यूक्लियर मामलों के एक्सपर्ट हैं, चलेंगे।

नहीं, उन्हे कौन देखना चाहता है। रिजेक्ट।

सर फलाने प्रोफेसर अमेरिकन पालिटिक्स के एक्सपर्ट हैं, अमेरिकन पालिटिक्स पर डिस्कशन के लिए वो चलेंगे।

नहीं, कौन देखना चाहता है, उन्हे। रिजेक्ट।

सर देखना तो पब्लिक राखी सावंत को चाहती है, तो क्या अमेरिकन पालिटिक्स पर उनके विचार रखें-एक एंकर खुंदकायमाभाव में चिरपिरा रहा है।

राइट ग्रेट सजेशन, ग्रेट। तुम कभी-कभी इंटेलीजेंट बात करते हो-बास ने कहा।

सो साहब, राखी सावंत देश-विदेश की ज्वलंत समस्याओं पर बातचीत करने के लिए आमंत्रित हैं।

एंकर-प्लीज ये बतायें कि महिलाओं का अब क्या स्थान है, देश में, विदेशों में।

राखीजी- देखिये मुझसे आप इतने महत्वपूर्ण विषयों पर सवाल पूछ रहे हैं, इससे साफ होता है कि मेरा क्या महत्व है। उधर देखें, अमेरिका में हिलेरी क्लिंटन टाप पोजीशन पर जा रही हैं। आपको पता है कि उन्होने दस महिलाओं को सिर्फ इस काम में लगा रखा है कि वो महिलाओँ के वोट हिलेरी की तरफ खींच कर लायें। हां,, यह अलग बात है करीब बीस महिलाओं को इस बात की चौकसी करने के लिए लगा रखा है कि कहीं उनके पति बिल क्लिंटन उन महिलाओँ को खींचकर नहीं ले जायें। इस तरह से हिलेरी क्लिंटन ने कितनों को रोजगार दिया हुआ है। मैं इस मौके पर बिल क्लिंटन को भी उनके कैरेक्टर के लिए धन्यवाद करती हूं।


एंकर-प्लीज आप ये बताइए कि भारतवासी खुश कैसे रहें। गरीबी
, तनाव, टेंशन के बावजूद खुश कैसे रहें।

राखीजी-देशवासियों को हमसे सीखना चाहिए कि कम में भी खुश रहा जा सकता है। आप देखिये, कितने कम कपड़ों के बावजूद फिल्म वाले हंसते-मुस्कुराते रहते हैं। आपने वो किस्सा नहीं सुना कि मुंबई की एक फिल्म एक्ट्रेस एक रुमाल लेकर एक टेलर के पास गयी और कहा कि इसमें से मेरे लिए दो ड्रेस सिल दो। टेलर ने कहा-मैडम ड्रेस तो सिल जायेंगी, पर यह बताइए कि जो कपड़ा बचेगा,उसका क्या करना है।


एंकर-पर इस तरह की ड्रेसों से और तमाम तरह की समस्याएं खड़ी हो जायेंगी। कानून और व्यवस्था की समस्याएं पैदा हो जायेंगी।

राखीजी-देखिये मैं खुश रहने की एक्सपर्ट हूं, अभी मैं आपको कम में खुश रहना सिखा रही हूं। ला ऐंड आर्डर के मसले दूसरे एक्सपर्ट देखेंगे।


नहीं, राखीजी ला एंड आर्डर की एक्सपर्ट बना कर भी हम आपको ही बुलायेंगे अगले शो में-बास ने डिक्लेयर कर दिया है।

लेटेस्ट खबर है कि शो सुपर-डुपर हिट रहा है।


मिलते हैं ब्रेक के बाद, नये शो में राखीजी को ला एंड आर्डर एक्सपर्ट के तौर पर पेश किया जायेगा।

आलोक पुराणिक मोबाइल-09810018799

Monday, July 23, 2007

भागते भूत को सूट

भागते भूत को सूट
आलोक पुराणिक
यह निबंध बीए के उस छात्र की कापी से लिया गया है, जिसने एक निबंध प्रतियोगिता में टाप किया है। निबंध का विषय वह पुरानी कहावत थी-भागते भूत की लँगोटी।
इस कहावत में कुछ गड़बड़ है, भूत लँगोटी क्यों पहनता है।
क्या भूतलोक में भी एक-दूसरे से शर्म करने का प्रचलन है।
भूत लँगोटी पहनकर क्या साबित करना चाहता है, क्या उसके पास लँगोटी है या यह साबित करना चाहता है कि भूत लोक में भी नेतागण हैं जो इत्ते लुटेरे हैं, कि सामान्य भूतों के लिए सिर्फ लँगोटी बचती है। इस तरह से पता चलता है कि भूत लोक और इंसानी लोक कई तरह की समानताएं हैं।
भागते भूत की लँगोटी कहावत से यह पता नहीं चलता कि भूत भाग क्यों रहा है।


और उसकी लँगोटी में किसी की दिलचस्पी क्यों है। भूत की लँगोटी में दिलचस्पी किसी आम आदमी की नहीं हो सकती, जो अपनी ही लँगोटी बचाने में बिजी रहा है।
मेरे हिसाब से जरुर कोई विज्ञापन वाला उसके पीछे लगा है , वह जानना चाह रहा है कि आखिर भूत ने किस ब्रांड की लँगोटी पहनी है।

भूत की लँगोटी का ब्रांड पता करके विज्ञापन वाला भूत को प्रेरित करना चाहता है कि वह उसके ब्रांड की लँगोटी ही पहने।
पर यहां एक मसला और उठता है कि जो भूत लँगोटी पहनकर भाग रहा है, उसे लगता है अपनी महत्ता का पता नहीं है।
वह भागे जा रहा है, और तमाम टीवी चैनलों वाले उसके पीछे भागे जा रहे हैं, किसी भूत वाले प्रोग्राम में भूत को सैट करने के लिए।
भूत से कमाई होती है, उससे कई टीवी चैनल वालों के सूट-पैंट बनते हैं। हो सकता है कि कोई टीवी चैनल वाला कृतज्ञता ज्ञापन करने के लिए भूत को सूट-पैंट देने के लिए भूत के पीछे भाग रहा है।
इसलिए नयी कहावत यूं हो सकती है-भागते भूत को सूट, भूत यूं ना फूट।
आलोक पुराणिक मोबाइल-09810018799

Thursday, July 19, 2007

बिप्स के लिप्स की टिप्स

बिप्स के लिप्स की टिप्स..........
आलोक पुराणिक
उस टीवी चैनल का रिपोर्टर कुछ दिनों से कुछ ज्यादा ही मेहरबान दिख रहा है। उसने तीसरी बार मेरी प्रशंसा की। प्रशंसा को लेकर अपना फंडा यह है कि अगर कोई एक बार प्रशंसा करे, तो इसे शिष्टाचार मानना चाहिए।
दूसरी बार प्रशंसा लिफ्टाचार की वजह से की जा सकती है। अगर किसी के कार-स्कूटर पर लिफ्ट चाहिए, और लगातार चाहिए, तो इस तरह की प्रशंसा आम तौर पर कर दी जाती है।
पर तीसरी बार की प्रशंसा में भ्रष्टाचार को सूंघना चाहिए। मैं भ्रष्टाचार को सूंघने लगा। मैंने पूछा-गुरु क्या खेल है। फोकटी में प्रशंसा क्यों।
वह बोला-जी आपने जितने आइडिये मुझे मजाक-मजाक में दिये थे, उन सब पर हमारे टीवी चैनल ने प्रोग्राम बना लिये हैं। सारे के सारे हिट जा रहे हैं। कुछ और आइडिये दीजिये ना।
क्या मतलब-मैंने पूछा।
देखिये हमारे बास का कहना है कि जितने भी घटिया टाइप लेखक हैं, उन सबके पास हिट टीवी प्रोग्रामों के लिए बहुत ही कारगर आइडिये हैं। सो सर आपको पकड़ा है-वह बिलकुल भक्ति भाव से बोला।
उसके मुंह पर छाई सच्चाई देखकर मुझे लगा कि उसने यह बात सच में मेरे सम्मान में ही कही है। सो साहब, इस खाकसार ने कुछ और आइडिये उस टीवी चैनल को दिये हैं। आप भी गौर फरमायें-
बाबी चार्मिंग की गुड मार्निंग
बाबा इधर टीवी पर बहुत हो लिये हैं। अब बाबी चाहिए। कुछेक स्मार्ट बाबियों की सख्त दरकार हैं। ये स्मार्ट बाबियां अगर ये बतायें कि जीवन क्षण –भंगुर हैं, तो कई दर्शक इस क्षण को ही जीवन का सार्थक क्षण मानकर देखेंगे। बल्कि इसमें कुछ अमेरिकन कन्याओं को बतौर अध्यात्म गुरु पेश किया जाये। कार्यक्रम का नाम हो- बाबी चार्मिंग की गुड मार्निंग ।
अमेरिकन बाबी को लाने से प्रोग्राम कुछ अपमार्केट बनेगा। क्या है कि देसी बाबाओं से मार्केट डाऊन मार्केट हो जाता है। नहीं चलेगा।
इस प्रोग्राम में क्या होगा, जी वही होगा, जो और आध्यात्मिक कार्यक्रमों में होता है।
थोड़ा सा सत्य-सत्य, बाबाजी के प्रचचनों ने हमे इतना सुखी बनाया-यह बताते हुए बाबाजी के कुछ भृत्य, फिर अंत में बाबीजी के कुछ नृत्य।

बिप्स के लिप्स के टिप्स
यह प्रोग्राम बिपाशा बसु पेश करेंगी। या जो लड़की पेश करे, उसका नाम बिपाशा रख दिया जाये। बिपाशा को अपमार्केट इलाकों में यही कहा जाता है-बिप्स।
वह ब्यूटी की टिप्स बतायेंगी, सिर्फ मर्दों को।
कमर का साइज कम करने के लिए करेले का जूस टमाटर के छिलकों में मिलाकर खायें, पानी की कैलोरी कम करने के लिए उसे उस स्पेशल छलनी से छानें, जिसका निर्माता यह प्रोग्राम स्पांसर करेगा।
बताओ साइज, ले जाओ प्राइज-यह कांटेस्ट इस प्रोग्राम में चलाये जायेगी।
इसमें पूछा जायेगा कि बताओ बिपाशा की जीन्स का साइज क्या है 30, 32, 36, 38, जिस दर्शक का उत्तर सही होगा, उसे बिपाशा अपनी एक जीन्स बतौर गिफ्ट देंगी, स्पेशल प्राइज पर सिर्फ पांच हजार रुपये पर सिर्फ।
आप ही बताइए। प्रोग्राम चलेगा या नहीं।
आलोक पुराणिक मोबाइल -09810018799