skip to main |
skip to sidebar
राम के बाबू
आलोक पुराणिक
मां हड़का रही हैं, रोज सुबह ब्रह्ममुहुर्त में उठकर ये क्या अगड़म-बगड़म पोस्ट करता है। कुछ राम के नाम का चिंतन किया कर।
मां की बात मानी है आज।
राम पर चिंतन किया है।
राम पर चिंतन करते हुए राम बाबू याद आ गये, ड्राइविंग लाइसेंस दफ्तर वाले। जिन्होने कई दिनों से मेरा लाइसेंस इसलिए लटका रखा है कि मैं थ्रू प्रापर चैनल क्यों नहीं आया। ड्राइविंग लाइसेंस दफ्तर में थ्रू प्रापर चैनल का मतलब होता है, अफसर टाइप एक दलाल के थ्रू एक दलाल टाइप के अफसर तक पहुंचना। सीधे अफसर तक पहुंच जाओ, तो चैनल डिस्टर्बैंस मान लिया जाता है। डिस्टर्बैंस की सजा यह है कि दफ्तर के राम बाबू मामला अटका देते हैं। सो मैं भी लाइन में अटका हुआ था। सो राम याद नहीं आ रहे थे, राम बाबू याद आ रहे थे।
राम के दरबार के कई फोटू देखे हैं। उसमें सीने को फाड़कर दिखाते हुए हनुमान देखे हैं, पीछे सन्नद्ध, कटिबद्ध मुद्रा में लक्ष्मणजी हैं। रामजी के साथ वाली सीट पर सीताजी हैं। स्वर्ग में ऊपर से पुष्प-वर्षा करते देवतागण हैं। पर रामजी के दरबार-दफ्तर में मैंने कोई बाबू नहीं देखा।
मैंने बाबा पोंगा शास्त्री उर्फ बापोंशा से यही निवेदन किया-सरजी राम के दरबार में एक भी बाबू नहीं, फिर ये राम बाबू का कंसेप्ट कहां से आया होगा।
यही तो पेंच है बेट्टा, अगर रामजी के दरबार, दफ्तर में बाबू हुए होते, तो कोई बवाल नहीं हुआ होता। सीता हरण का तो सवाल ही नहीं हुआ होता। लंका में युद्ध का धमाल न हुआ होता।
रामजी के यहां बाबुओं की उपस्थिति का इन प्रकरणों से क्या संबंध है, सो कहें-मैंने आग्रह किया।
देख, अगर रामजी के यहां बाबू लोग होते, तो तो राम गमन की फाइल को बाबू लोग ऐसे डील करते कि पहले फाइल पर सबसे दशरथ की टिप्पणी होती, फिर गुरु वशिष्ठ की विशेष टिप्पणी के लिए फाइल भेजी जाती। फिर गुरु वशिष्ठ के दफ्तर से बाबू स्पेशल रेफरेंस के लिए महर्षि जमदग्नि, महर्षि कर्णव, महर्षि पिप्पलाद, महर्षि याज्ञ्यवल्क्य, महर्षि गर्ग, महर्षि शांडिल्य, महर्षि दुर्वासा, के पास थ्रू प्रापर चैनल भिजवाते।
थ्रू प्रापर चैनल का मतलब कि राम के वन-गमन की फाइल गुरु वशिष्ठ के आफिस के सेक्रेट्री, स्पेशल सेक्रेट्री, डिप्टी सेक्रेट्री, जाइंट सेक्रेट्री, अंडर सेक्रेट्री, डाइरेक्टर, डिप्टी डाइरेक्टर, अंडर डाइरेक्टर, सेक्शन अफसर, बड़े बाबू और राम बाबूजी के पास से होते हुई इन सारे ऋषियों के दफ्तर में इन सारे अफसरों के पास पहुंचती।
ऋषियों के दफ्तर में इन अफसरों के थ्रू होते हुए फाइलें जब तक वापस रामजी के दरबार में पहुंच पातीं, तब तक पचास-साठ साल निकल गये होते। नो क्वश्चन आफ वन गमन-बाबा पोंगा शास्त्री बता रहे हैं।
पर सीताहरण तो रावण अयोध्या में आ कर सकता था-मैंने अपनी शंका व्यक्त की।
अच्छा तू बता, छह महीनों से ड्राइविंग लाइसेंस के दफ्तर में चक्कर काट रहा है, राम बाबू के रहते तू क्या एक पिद्दी से लाइसेंस का हरण कर पाया है-पोंगा शास्त्री पूछ रहे हैं।
नहीं।
तो बता राम बाबू के रहते अगर रावण अयोध्या में आता, राम दरबार में एंट्री भर के लिए राम बाबू रावण से पचास एप्लीकेशन फार्म भरवाते और परमीशन के लिए छह महीने तक इतने चक्कर लगवाते कि रावण राम बाबू के दफ्तर के बाहर खड़ा-खड़ा ही टें बोल जाता और तब राम को मारने का क्रेडिट राम के खाते में नहीं, राम बाबू के खाते में आता। राम के बाबुओं के ऐसे महत्व को देखकर ही ऋषि मर्णव ने भविष्यवाणी की थी कि कलियुग में राम बाबू नाम बहुत पापुलर होगा-पोंगा शास्त्री बता रहे हैं।
अब मुझे पक्के तौर पर राम के साथ-साथ राम बाबू का महत्व भी समझ में आ गया है।
आलोक पुराणिक मोबाइल-09810018799
सत्यनारायण कथा-2007
आलोक पुराणिक
मामले डेंजरात्मक होते जा रहे हैं, नये बच्चों को कुछ पुरानी बातें समझाना मुश्किल हो रहा है। एक बच्चे को सत्यनारायण की पुरानी कथा समझाने की कोशिश कर रहा था-एक लकड़हारा था, वह जंगल में लकड़ी में काटने जा रहा था।
बच्चे ने पलट सवाल किया-ये लकड़हारा क्या होगा।
बेटे, वो जंगल में लकड़ी काटने जाते हैं-मैंने समझाने की कोशिश की।
ये जंगल क्या होता है-बच्चे ने आगे पूछा।
जंगल समझो कि शहर जब खत्म हो जाता है, तो जंगल शुरु होते हैं-मैंने समझाने की कोशिश की।
शहर जब खत्म हो जाते हैं, तो फार्म हाऊस शुरु होते हैं। शापिंग माल शुरु होते हैं। हाई वे शुरु होते हैं। ढाबे शुरु होते हैं। जंगल कहां शुरु होते हैं-बच्चे ने पूछा।
समझो कि हिमालय के पास कहीं के गांव का लकड़हारा था-मैंने आगे समझाने की कोशिश की।
ये हिमालय क्या होता है। ये आप अंगरेजी में क्यों बोलते हैं, हिमालय की हिंदी क्या होती है-बच्चे ने आगे पूछा।
बेटा हिमालय यानी रेंज आफ हिल्स, ये इंडिया में होती है-मैंने बताया।
मैं अच्छे स्कूल में पढ़ता हूं, हमें अमेरिका के बारे में बताया जाता है। अमेरिका के हिल्स के बारे में बताया जाता है। आखिर सैटल तो एक दिन अमेरिका में ही होना है। हमारे स्कूल वाले इंडिया की चीजों के बारे में पढ़ाने में टाइम वेस्ट नहीं करते-बच्चा बता रहा है।
ये और पेंच है। समझदार बच्चे इधर इंडिया के बारे में समझते ही नहीं है। पेरेंट्स मानकर चलते हैं कि ठीकठाक बच्चा निकला, तो अमेरिका ही जायेगा। इंडिया में थोड़े ही रुकेगा। जो इंडिया में रुक गया, वो वही है, जिसे अमेरिका नहीं तो दुबई, नहीं तो मारीशस तक का वीसा नहीं मिला।
बात में दम है, इसलिए नये बच्चों को सत्यनारायण कथा तो दूर, लकड़हारे तक के बारे में समझाना मुश्किल है। इस खाकसार ने एक नयी सत्यनारायण कथा तैयार की है, सो आपकी सब की सेवा में पेश है।
एक समय की बात है। एक सिलिकौन सिटी बंगलूर में राबर्ट और मारिया और उनका बेटा बर्टी रहता था। ये सभी इंडियन थे, पर अमेरिका में सैटल होने के ख्याल से इन्होने अपने नाम कुछ अमेरिकन टाइप कर लिये थे। सारे समझदार लोग यही करते थे। एक बार की बात है। जैसा कि सारे समझदार बच्चे करते थे, राबर्ट ने भी एक दिन वीसा के लिए अमेरिकन एंबेसी में अप्लाई किया। उसका वीजे की एप्लीकेशन रिजेक्ट हो गयी। एंबेसी से लौटते समय उसने देखा कि एक केले के वृक्ष के नीचे कुछ एक सूट-बूटधारी अपनी जीन्सधारी पत्नी के साथ पूजा कर रहा था। पूछने पर उसने बताया कि उसका वीजा भी पहले अमेरिकन एंबेसी में रिजेक्ट हो गया था। उसने सत्यनारायण भगवान की आराधना की और प्रसाद स्वरुप साफ्वेयर इंजीनयियरिंग में पढ़ने वाले छात्रों में ग्यारह सीडी बांटीं। इसके बाद उसका वीसा क्लियर हो गया।
ऐसे वचन सुनकर बर्टी ने भी मन ही मन संकल्प लिया कि वह भी ऐसा ही करेगा।
उस दिन बर्टी के पापा ने उससे सौ किलो आलू लाने का आदेश दिया, एक स्मार्ट बच्चे की तरह बर्टी सिर्फ नब्बे किलो आलू लाया और दस किलो आलू की रकम अंदर कर ली। आलू चूंकि बहुत महंगे थे, इसलिए बर्टी ने बहुत रकम बचा ली।
उसने केले के पेड़ के नीचे पूजा की और इक्कीस सीडी छात्रों में बांट दीं।
इसके परिणाम आये और अगली बार ही उसका अमेरिकन वीजा क्लियर हो गया। पर, पर, पर, वह जाने से पहले सत्यनारायण कथा करवाना भूल गया।
वह अमेरिका गया और बहुत डालर खेंचे,लौटकर जब वह या तो सूटकेस में बहुत महंगे साफ्टवेयर प्रोग्रामों की सीडी लेकर आया। वह जैसे ही एयरपोर्ट पर उतरा, एक साधु ने उससे कहा-हे वत्स तेरे सूटकेस में क्या भरा है।
बर्टी ने परिहास करते हुए कहा कुछ नहीं, इसमें कीड़े-मकोड़े हैं, वायरस हैं।
साधु ने कहा-तेरे वचन सत्य हो जायें।
बर्टी ने घर जाकर उन कार्यक्रमों की सीडी को चलाया, तो उनमें वायरस आ गये। सीडी चलीं नहीं।
बर्टी बहुत रोया, परेशान हुआ उसकी बरसों की मेहनत पर वायरस फिर गया।
तब ही उसे साधु की याद आयी। फौरन से उसने केले के वृक्ष के नीचे पूजा-पाठ की, तत्काल वह साधु प्रकट हुआ और बर्टी ने उसके चरणों में पड़ते हुए कहा हे महाराज मुझसे गलती हो गयी।
साधु ने उसे आशीर्वाद दिया, तत्पश्चात बर्टी ने भारत में और तत्पश्चात अमेरिका में सुखपूर्वक जीवन व्यतीत किया। बोलो श्री............................ की जय।
आलोक पुराणिक
मोबाइल-9810018799