Showing posts with label development. Show all posts
Showing posts with label development. Show all posts

Tuesday, August 28, 2007

भगीरथ जेल में

भगीरथ जेल में

(अब तक आपने पढ़ा। भगीरथ भारतवर्ष के जल संकट से द्रवित होकर जनता को परेशानी से निजात दिलाने के लिए गंगा द्वितीय को पृथ्वी पर लाने का उपक्रम करने लगे। इसके लिए वह हरिद्वार के पास मुनि की रेती पर साधनारत हुए तो नगरपालिका वालों ने, नेताओं ने और दूसरे तत्वों ने उन्हे परेशान किया। वह परेशान होकर ऊपर पहाड़ों पर जाने लगे, तो कई फोटोग्राफरों ने उनके सामने तरह-तरह के आइटमों के माडलिंग के प्रस्ताव रखे। फोटोग्राफरों ने उनसे कहा कि इस तरह की जनसेवा के पीछे उनका जरुर बड़ा खेल है और इस खेल के साथ वे चार पैसे एक्स्ट्रा भी कमा लें, तो हर्ज नहीं है।अब आगे पढ़िये समापन किस्त में।)

देखिये, ये क्या खेल-खेल लगा रखा है। क्यां यहां बिना खेल के कुछ नहीं होता क्या-भगीरथ बहुत गुस्से में बोले।

जी बगैर खेल के यहां कुछ नहीं होता। यहां गंगा इसलिए बहती है कि वह गंगा साबुन के लिए माडलिंग कर सके। गोआ में समुद्र इसलिए बहता है कि वह गोआ टूरिज्म के इश्तिहारों में काम आ सके। हिमालय के तमाम पहाड़ इसलिए सुंदर हैं कि उन्होने उत्तरांचल टूरिज्म, उत्तर प्रदेश टूरिज्म के इश्तिहारों में माडलिंग करनी है। आपकी चाल में फुरती इसलिए ही है कि वह किसी चाय वाले या च्यवनप्राश वाले के इश्तिहार में काम आ सके। आपके बाल अभी तक काले इसलिए हैं कि वे नवरत्न तेल के इश्तिहार के काम आ सकें। हे मुनि, डाल से चूके बंदर और माडलिंग के माल से चूके बंदों के पास सिवाय पछतावे के कुछ नहीं होता-एक समझदार से फोटोग्राफर ने उन्हे समझाया।

भगीरथ मुनि गु्स्से में और ऊंचे पहाड़ों की ओर चले गये।

कई बरसों तक साधना चली।

मां गंगा द्वितीय प्रसन्न हुईं और एक पहाड़ को फोड़कर भगीरथ के सामने प्रकट हुईं।

जिस पहाड़ को फोड़कर गंगा प्रकट हुई थीं, वहां का सीन बदल गया था। बहुत सुंदर नदी के रुप में बहने की तैयारी गंगा मां कर ही रही थीं कि वहां करीब के एक फार्महाऊस वाले के निगाह पूरे मामले पर पड़ गयी।

वह फार्महाऊस पानी बेचने वाली एक कंपनी का था।

गंगा द्वितीय जिस कंपनी के फार्महाऊस के पास से निकल रही हैं, उसी कंपनी का हक गंगा पर बनता है, ऐसा विचार करके उस कंपनी का बंदा भगीरथ के पास आया और बोला कि गंगा पर उसकी कंपनी की मोनोपोली होगी। वही कंपनी गंगा का पानी बेचेगी।

तब तक बाकी पानी कंपनियों को खबर हो चुकी थी।

बिसलेरी, खेंचलेरी, खालेरी, पालेरी, पचालेरी, फिनफिन, शिनशिन,छीनछीन समेत सारी अगड़म-बगड़म कंपनियों के बंदे मौके पर पहुंच लिये।

हर कंपनी वाला भगीरथ को समझा रहा था कि वह उसी की कंपनी को ज्वाइन कर ले। मुंहमांगी रकम दी जायेगी। गंगा द्वितीय उस कंपनी की संपत्ति हो जायेगी और भगीरथ को रायल्टी दे दी जायेगी।

पर भगीरथ नहीं माने। वह गंगा द्वितीय को जनता को समर्पित करना चाहते थे।

किसी कंपनी वाले की दाल नहीं गली।

पर..........।

सारी कंपनियों के बंदों ने आपस में खुसुर-पुसर की। खुसर-पुसर का दायरा बढ़ा, नगरपालिकाओं वाले आ गये। माहौल और खुसरपुसरित हुआ-भगीरथी की फ्यूचर पापुलरिटी की सोचकर आतंकित-परेशान नेता भी आ लिये। वाटर रिस्टोरेशन के लिए काम कर रहे एनजीओ के बंदे भी इस खुसर-पुसर में शामिल हुए।

फिर ...........भगीरथ गिरफ्तार कर लिये गये।

उन पर निम्नलिखित आरोप लगाये गये-

1- शासन की अनुमति लिये बगैर भगीरथ ने साधना की। इससे कानून –व्यवस्था जितनी भी थी, उसे खतरा हो सकता था।

2- इस इलाके को पहले सूखा क्षेत्र माना गया था। अब यहां पानी आने से कैलकुलेशन गड़बड़ा गये। पहले इसे सूखा क्षेत्र मानते हुए यहां तर किस्म की ग्रांट-सब्सिडी की व्यवस्था की गयी थी योजना में। अब दरअसल पूरी योजना ही गड़बड़ा गयी। यह सिर्फ भगीरथ की वजह से हुआ। योजना प्रक्रिया को संकट में डालने का अपराध देशद्रोह के अपराध से कम नहीं है।

3- भगीरथ ने विदेशों से आ रही मदद, रकम में बाधा पैदा करके राष्ट्र को बहुमूल्य विदेशी मुद्रा से वंचित किया है। इस क्षेत्र के जल संकट को निपटाने के लिए फ्रांस के एनजीओ फाऊं-फाऊं फाउंडेशन और कनाडा के एनजीओ खाऊं-खाऊं ट्रस्ट ने लोकल एनजीओज (संयोगवश जिनकी संचालिकाएं स्थानीय ब्यूरोक्रेट्स की पत्नियां थीं) को कई अरब डालर देने का प्रस्ताव दिया था। अब जल आ गया, तो इन एनजीओज को संकट हो गया। फ्रांस और कनाडा के एनजीओज ने सहायता कैंसल कर दी। इस तरह से भगीरथ ने गंगा द्वितीय को बहाकर विदेशी मदद को अवरुद्ध कर दिया। भारत को विदेशी मुद्रा से वंचित करना देशद्रोह के अपराध से कम नहीं है।

4- पहाड़ को फोड़कर गंगा द्वितीय जिस तरह से प्रकट हुई हैं, उससे इस क्षेत्र का नक्शा बदल गया है, जो हरिद्वार नगर पालिका या किसी और नगर पालिका ने पास नहीं किया है।

5- शासन की सम्यक संस्तुति के बगैर जिस तरह से नदी निकली है, वह हो न हो, किसी दुश्मन की साजिश भी हो सकती है।

गिरफ्तार भगीरथ जेल में चले गये, उनको केस लड़ने के लिए कोई वकील नहीं मिला, क्योंकि सारे वकील पानी कंपनियों ने सैट कर लिये थे।

लेटेस्ट खबर यह है कि गंगा निकालना तो दूर अब भगीरथ खुद को जेल से निकालने का जुगाड़ नहीं खोज पा रहे हैं।

आलोक पुराणिक मोबाइल-09810018799

Wednesday, August 15, 2007

देश उर्फ विंडोज 1947

देश उर्फ विंडोज 1947
आलोक पुराणिक
आज सारे मुद्दे एक तरफ फेंकिये, सिर्फ और सिर्फ देश की तरफ देखिये।
भाई साहब, दूर से पास अंधेरे और उजाले का फ्यूजन ही फ्यूजन है, फ्यूजन क्या विकट कनफ्यूजन है।
वैसे, देश क्या है, सोचो तो देश एक बड़ा सा, विकट सा, विराट सा मोबाइल दिखायी पड़ता है, बातें ही बातें। इधर से बातें, उधर से बातें। तरह –तरह की रिंगटोन्स, बातों के झर-झर झरने बह रहे हैं, संसद से, विधानसभाओं से। बात वालों ने बहुत कमाया है, साठ सालों में। हम सिर्फ टेलीकाम कंपनियों की बात नहीं कर रहे हैं। मारे बातों के बुरे हाल हैं, न जाने कितने मिस्ड काल हैं।
इधर से देखो, तो देश किसी ब्यूटी क्रीम का माडल लगता है, झक्कास चिकनत्व से भरपूर, एकदम निश्चिंत। सिर्फ त्वचा की बात करता हुआ। संदेश देता हुआ कि अगर सिर्फ अपने चिकनत्व की चिंता में लग ले बंदा ,तो फुलमफुल निश्चिंतता पैदा हो जाती है। हम सिर्फ सुंदरियों, माडलों की बात नहीं कर रहे हैं, हम नेताओं की बात भी कर रहे हैं।
एक तरफ से देखो, तो देश एक बहुत बड़ा टीवी चैनल लगता है, जहां सिर्फ सेक्स और सेनसेक्स है। अब देश इससे बाहर भी होता है, तो ये देश का प्राबलम है। टीवी चैनल का नहीं।
देश एक तरफ से देखो, तो न्यूयार्क सा लगता है।
देश को दूसरी तरफ से देखो, तो युगांडा लगता है।
इधर से देखें तो देश पक्के तौर पर फिक्स लगता है। युगांडा और न्यूयार्क का रिमिक्स-न्यूगांडा लगता है।

एक तरफ से देखो, तो देश लैपटाप लगता है, विंडोज विस्टा, लेटेस्ट माडल वाला।
दूसरी तरफ से देखो, तो देश विंडोज 98 तो छोड़ो अभी विंडोज 47 भी नहीं दिखता। विंडोज 47 क्या विंडोज 1857 भी नहीं दिखता। एक तरफ से देखो तो देश डार्कनेस वर्जन 2007 लगता है।
वैसे विंडोज क्या, देश एक तरफ से बहुत बड़ा दरवाजा लगता है। मारे जाओ टक्कर, अगर आप एनआरआई नहीं हैं, आप किसी मंत्री के भाई नहीं हैं। किसी मंत्री के घरवाले नहीं, किसी अफसर के साले नहीं हैं।
देश एक तरफ से दरवाजा क्या चोर दरवाजा लगता है, जिससे सारे बाइज्जत बरी प्रयाण कर जाते हैं।
देश एक तरफ से कमाल लगता है, जी एयरकंडीशंड शापिंग माल लगता है।
हां कभी देश निढाल भी लगता है, ठेले के सब्जी वाले का हाल भी लगता है।
फिर देश -हू केयर्स -लगता है, फिर प्रभुओं की चीयर्स लगता है।
वैसे कभी अटका खिर्र-खिर्र गीयर लगता है।
यूं देश कभी आधा-कभी पूरा लगता है, देश जैसे दिल्ली विधानसभा के कैंटीन ठेकेदार का छोला भटूरा लगता है। वैसे देश कभी कैंटीन लगता है, जहां विराट महाभोज चल रहा है, पर सिर्फ विधायकों के लिए, सांसदों का, अफसरों का, तस्करों का, हथियार डीलरों का।
पर दूसरी तरफ से देखो, तो देश वेटर लगता है कि सिर्फ वेट किये जा रहा है। नंबर नहीं आ रहा है।

वैसे तो देश एक विकट प्रपंच लगता है, एक विकट बूफे लंच लगता है, जो खींच लें, वो खा जायें। और जो न खा पायें, वो कहां जायें। ये हम क्यों बतायें, यह देखने के लिए चालू चैनल के प्रोग्राम –नये टूरिस्ट एट्रेक्शन -पर जायें।

खैर, आज सारे अड़गम-बड़गम को भुलायें, स्वतंत्रता दिवस की बधाई और शुभकामनाएं।
आलोक पुराणिक मोबाइल-09810018799